प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं, नागरिकों को दी वर्ष 2020 की शुभकामनाएं
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने प्रदेश के नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्ष 2020 की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आशा जताई है कि आने वाले साल में मध्यप्रदेश प्रगति और खुशहाली की तरफ कदम बढ़ाएगा।
श्री राकेश सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि 2020 में मध्यप्रदेश प्रगति और खुशहाली के उस मकाम की ओर आगे बढ़े, जहां पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश को छोड़कर गई थी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विकसित हो, स्वस्थ हो, प्रगति की दौड़ में आगे बढ़े, इसकी जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है और सभी इसमें अपने-अपने हिस्से का योगदान सभी दें।
श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही बहुत अधिक संवेदनशील रही है। जब-जब प्रदेश के विकास की बात आई है, जनता ने अपना सकारात्मक सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष में है और हमारी कोशिश रहेगी कि जनता से जुड़े मुद्दे लेकर हम आगे बढ़ते रहें, संघर्ष करते रहें। उन्होंने कहा कि हम किसान, युवा, बेरोजगार, माताओं-बहनों और प्रदेश की ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था के लिए लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जहां भी जनता के हितों की अनदेखी होगी, वहां भारतीय जनता पार्टी जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सड़कों पर खड़ी रहेगी।